पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक बहू ने अपने ही ससुर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, महिला का ससुर उसका दूसरी बार रेप करने की फिराक में था। इसलिए महिला ने गुस्से में आकर अपने ससुर को मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात को अंजाम देने में पीड़िता के पति ने भी उसका साथ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने शनिवार (3 मार्च) को पुलिस में सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही महिला को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया है। मामले को लेकर मृतक के बड़े बेटे ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने रविवार को शिकायत दर्ज कर ली। कथित तौर पर दुष्कर्म का शिकार महिला ने दावा किया है कि उसके ससुर ने लगातार दो दिनों तक उसका रेप किया।
पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार को जब मेरे पति खेतों में काम करने गए थे तभी ससुर ने पहली बार रेप किया। इसके बाद माफी मांग ली, इसलिए मैंने उसे माफ कर दिया और पति को कुछ भी नहीं बताया। महिला का कहना है कि उसक ससुर ने शनिवार को उसके साथ दोबारा रेप किया, जब वह अपने कमरे में सो रही थी। वारदात के समय महिला का पति बरामदे में सो रहा था। महिला का कहना है कि उसको अपनी करनी पर जरा भी पछतावा नहीं है। वहीं पड़ोसियों ने बताया कि मृतक शख्स की पत्नी ने उसकी हरकतों से परेशान होकर 4 साल पहले ही खुदकुशी कर ली थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।













