वाराणसीः उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रही अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का है। जहां शौच के लिए खेत में गई विवाहिता के साथ 2 युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मामला चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां एसओ ने बताया कि पीड़िता के बयान के मुताबिक शनिवार की सुबह वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर पहले से बैठे गांव के ही 2 युवकों ने उसे जबरन खेत में खींचकर उसके साथ गैंगरेप किया। वहीं पीड़िता ने बताया कि दोनों आरोपियों के चंगुल से बच कर वह किसी तरह घर पहुंची। यहां उसने आपबीती पति को बताई। जिसके बाद पति ने थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।













