हर तरफ बिखरा रंग और हवा में उड़ता गुलाल। इसी का नाम है होली। यह त्योहार अपने साथ ढेर सारी मस्ती और मजा लेकर आता है। ऐसे में खुद को होली खेलने से रोक पाना मुश्किल होता है। अगर आप भी होली के रंगों में रंगने से खुद को रोक नहीं पातीं लेकिन आपको अपने बालों और त्वचा की चिंता रहती है तो इस होली आप कुछ खास तरीके अपना सकती हैं। जानिए, किन तरीकों की मदद से आप अपने बालों और त्वचा को होली के रंगों से सुरक्षित रख सकती हैं...कोशिश करें कि होली खेलने से पहले ऐसे कपड़े पहनें, जिनसे आपकी पूरी त्वचा अच्छे से ढक जाए। आप फुल लेंथ डेनिम, फुल स्लीव्स की टी-शट्र्स, फुल सूट आदि पहनकर होली खेल सकती हैं। इससे आपकी त्वचा रंगों के सीधे संपर्क में नहीं आएगी और उनसे बची रहेगी।इस बार होली खेलने के लिए आप हर्बल या ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल करें। हालांकि, यह जरूर देख लें कि ये रंग मिलावटी न हों। इन हर्बल या ऑर्गेनिक रंगों से होली खेलने पर आपकी त्वचा को बिल्कुल नुकसान नहीं पहुंचेगा। होली खेलने जाने से पहले आप अपने पूरे शरीर पर माइक्रोनाइज्ड जिंक ऑक्साइड क्रीम लगा सकती हैं। एक हाई एसपीएफ संस्क्रीन भी अच्छी बैरियर क्रीम की तरह काम करती है। अगर आप ज्यादा सुरक्षा चाहती हैं तो आप अपनी त्वचा, अपने कानों, होठों आदि पर पेट्रोलियम जैली लगा सकती हैं। हालांकि, होली खेलते समय दोबारा इस क्रीम को न लगाएं, इससे रंग अंदर ही रह जाएगा। अगर संभव हो तो आपको सूखी होली खेलनी चाहिए और पानी का इस्तेमाल कम करना चाहिए। सूखे रंगों को आप बाद में आराम से झाड़ सकती हैं। हालांकि, खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए आपको खूब पानी या जूस आदि पीने चाहिए। याद रखें कि रंगों में रंगे हाथों से खाने से बचें। होली पर अपनी त्वचा पर वेजिटेबल ऑयल जैसे नारियल का तेल न लगाएं क्योंकि कुछ केमिकल इस तेल में मिलकर त्वचा के अंदर जा सकते हैं। हालांकि, आप अपने बालों में नारियल का तेल लगा सकती हैं, ताकि वे रंगों से सुरक्षित रह सकें। याद रखें कि सिर्फ बालों पर ही तेल लगाएं, सिर पर नहीं। आप अपने नाखूनों को रंगों से बचाने के लिए नेल पेंट का इस्तेमाल कर सकती हैं। याद रखें कि नाखूनों के पास स्किन फोल्ड पर भी नेल पेंट लगा लें, ताकि उन पर भी रंग न चढ़े। अगर होली खेलते वक्त आपकी त्वचा पर खुजली या जलन हो तो तुरंत पानी की मदद से रंगों को हटाएं। ज्यादा जलन होने पर होली न खेलें और डॉक्टर को दिखाएं। होली खेलने के बाद रंगों को पहले पानी और साबुन की मदद से हटाएं। रंग हटाने के लिए हाथों का ही इस्तेमाल करें, किसी स्क्रब का नहीं। आप रंग हटाने के लिए बेसन का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
















