Breaking News New
  • अमित शाह ने की प्रतिमाओं को तोड़े जाने की कड़ी निंदा
  • ओमप्रकाश चौटाला: मेरी बेवकूफी के कारण हरियाणा में भाजपा सरकार
  • BSP ने राज्यसभा चुनाव के लिए भीमराव आंबेडकर को बनाया उम्मीदवार
  • भाजपा नेताओं को SC की फटकार, केजरीवाल के अपमान पर नाराजगी जताई
  • INX मीडिया केस: पी.चिदंबरम की बड़ी मुश्किलें...

भाजपा चुनाव समिति की बैठक आज...

भाजपा चुनाव समिति की बैठक आज...
Share
Whatsapp
Publish Date:05 March 2018 01:59 PM

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक 5 मार्च को देर शाम होगी। बैठक में पार्टी की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी के नामों पर विचार किया जाएगा। मौजूदा समय में केंद्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री का 2 अप्रैल को राज्यसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग की तरफ से 23 मार्च को चुनाव करवाए जा रहे हैं। इसके लिए प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा को प्रत्याशी के नाम का चयन किया जाना है। सूत्रों के अनुसार चुनाव समिति की बैठक में जगत प्रकाश नड्डा के नाम की प्रत्याशी के तौर पर फिर से सिफारिश की जा सकती है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का नाम भी चर्चा में है। भाजपा चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा चुनाव समिति के अन्य सदस्य भाग लेंगे। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, अन्य सांसद व सदस्य भाग ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए 5 मार्च यानि सोमवार को ही अधिसूचना जारी की जानी है। इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 मार्च है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा तिथि 13 मार्च तथा नाम वापस लेने की तिथि 15 मार्च तय की गई है। मतदान 23 मार्च को प्रात: 9 से सायं 4 बजे तक होगा तथा मतों की गणना उसी दिन सायं 5 बजे की जाएगी। मतदान हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के डा. वाई.एस. परमार पुस्तकालय हाल में होगा और निर्वाचन प्रक्रिया 26 मार्च को पूरी होगी। चुनाव के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) जी.सी. नेगी को रिटर्निंग अधिकारी तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अवर सचिव देवेंद्र वर्मा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से अभी तक इसके लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। विधानसभा में बहुमत न होने के कारण कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में न उतारने का निर्णय ले सकती है, जिसकी अधिक संभावना है।
 

संबंधित ख़बरें