ताज़ा-तरीन New

डेविड वॉर्नर के बारे में बोली ऐसी बात कुलदीप यादव ने

डेविड वॉर्नर के बारे में बोली ऐसी बात कुलदीप यादव ने
Share
Whatsapp
Publish Date:21 September 2017 01:46 PM

कोलकाता, जेएनएन। पहले वनडे में शानदार गेंदबाजी से उत्साहित टीम इंडिया के युवा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने दावा किया है कि वह ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को किसी भी समय आउट कर सकते हैं। कुलदीप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि वार्नर जब मेरी गेंदों पर बल्लेबाजी कर रहे होते हैं तो काफी दबाव में आ जाते हैं। इससे मुङो महसूस होता है कि मैं उन्हें किसी भी समय आउट कर सकता हूं। वार्नर को गेंदबाजी करते वक्त मुझे कभी किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होता, बल्कि मजा आता है। मैं उन्हें आउट करने के लिए अपनी योजना तैयार कर लेता हूं।’ कुलदीप ने माना कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ को गेंदबाजी करना उनके लिए सबसे मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, ‘मैंने टेस्ट मैचों में देखा है कि स्मिथ गेंदों को जल्दी भांप लेते हैं। उन्हें सिंगल चुराने का तरीका आता है। वह लेग स्टंप वाले क्षेत्र में खेलना पसंद करते हैं और आसानी से शॉट लगाते हैं।’ बिना अभ्यास उतरेगी टीम इंडिया : भारतीय टीम बिना अभ्यास ही दूसरा वनडे खेलने उतरेगी। बारिश के कारण भारतीय खिलाड़ी स्टेडियम आने के बावजूद अभ्यास नहीं कर पाए। टीम इंडिया को अब मैच से पहले ग्राउंड पर थोड़ा-बहुत मौका मिलेगा, हालांकि उसे पूर्ण अभ्यास नहीं, बल्कि मैच से पहले किए जाने वाले ‘वार्म अप’ के तौर पर देखा जाता है। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे दिन इंडोर अभ्यास किया। कोहली-शास्त्री ने लिया पिच का जायजा : इस दौरान कप्तान कोहली ने मुख्य कोच रवि शास्त्री और गेंदबाजी कोच भरत अरुण के साथ जाकर पिच का जायजा लिया। हालांकि टीम इंडिया के होटल लौटने के बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। 48 घंटे में पहली बार ईडन से कवर हटाया गया। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने आकर पिच का मुआयना किया और कहा कि विकेट काफी अच्छा दिख रहा है। दोपहर बाद आसमान साफ रहने की उम्मीद : इस बीच भारतीय मौसम विभाग के कोलकाता कार्यालय के निदेशक गणोश दास ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुए निम्न दबाव का अब प्रभाव नहीं है, फिर भी गुरुवार को महानगर में बारिश की संभावना है। हालांकि दोपहर बाद आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
 

संबंधित ख़बरें